नई दिल्ली | देश के युवाओं और विशेष रूप से पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं में चुनावी जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक राष्ट्रव्यापी अभियान चलाया जा रहा है। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के युवा कार्यक्रम विभाग के अंतर्गत आने वाले मेरा युवा भारत (माय भारत) संगठन ने 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ‘विकसित भारत युवा संवाद: अपना वोट जानें’ शीर्षक के तहत कुल 46 कार्यक्रमों का आयोजन किया। 30 अक्टूबर को आयोजित इन कार्यक्रमों में देश भर से कुल 6,688 युवाओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। यह राष्ट्रव्यापी अभियान 26 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक चलाया जा रहा है, जिसके माध्यम से 500 विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों तक अपनी पहुंच बनाने का बड़ा लक्ष्य रखा गया है।
देशभर में विभिन्न राज्यों में हुए संवाद और गतिविधियां
इस राष्ट्रव्यापी पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं को मतदान के अधिकारों, चुनावी प्रक्रियाओं और नागरिक जिम्मेदारियों से गहराई से परिचित कराना है। इसके साथ ही, इसका उद्देश्य युवाओं को निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, युवा आइकॉन और अन्य प्रतिष्ठित हस्तियों के साथ सीधे संवाद करने का अवसर देना है, जिससे वे लोकतांत्रिक भागीदारी और राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका पर चर्चा कर सकें। 30 अक्टूबर 2026 तक कुल 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ऐसे 96 युवा संवाद सफलतापूपर्वक आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें कुल 18,475 युवाओं और 97 युवा आइकॉन ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। देश के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित इन कार्यक्रमों में पंजाब, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, बिहार, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु जैसे कई राज्य शामिल रहे।
विविध सत्रों और चर्चाओं के जरिए युवाओं को किया गया प्रेरित
विभिन्न राज्यों में आयोजित इन कार्यक्रमों के दौरान क्षेत्रीय प्राथमिकताओं और मुद्दों के आधार पर अलग-अलग सत्रों का आयोजन किया गया। पंजाब के फरीदकोट, फतेहगढ़ साहिब, गुरदासपुर और मोगा में युवा आइकॉन के साथ संवाद सत्र रखे गए, जिनमें जिम्मेदार नागरिकता और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। जम्मू-कश्मीर के डोडा और पुंछ में एथलीटों ने छात्रों से बातचीत की, जबकि मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में युवा नेतृत्व और विकसित भारत के दृष्टिकोण पर चर्चा हुई। छत्तीसगढ़ के चांपा में योग और ध्यान सत्र के साथ नशा मुक्त भारत अभियान पर भी ध्यान केंद्रित किया गया। वहीं, उत्तराखंड के गोपेश्वर में 200 युवाओं ने हिस्सा लिया, तमिलनाडु के मदुरै में महिला आरक्षण विधेयक पर संसद की तर्ज पर चर्चा हुई, और राजस्थान तथा उत्तर प्रदेश के कई जिलों में नुक्कड़ नाटक एवं नशामुक्ति जागरूकता सत्र आयोजित किए गए।
Source: Press Information Bureau (PIB), Government of India
Photo: PIB







