नई दिल्ली | युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के युवा मामले विभाग के तहत ‘मेरा (एमवाई) युवा भारत’ संगठन ने 10 राज्यों और 4 केंद्र शासित प्रदेशों के शैक्षणिक संस्थानों में ‘विकसित भारत युवा संवाद: अपने मत को जानें’ कार्यक्रम का आयोजन किया। यह राष्ट्रव्यापी अभियान चुनावी जागरूकता को बढ़ावा देने और लोकतंत्र में युवाओं की जिम्मेदारी भरी भागीदारी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। 26 अक्टूबर 2026 से शुरू होकर 5 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस अभियान के तहत 500 विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और अन्य संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य पहली बार मतदाताओं सहित युवाओं को निर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ सीधे संवाद करने का अवसर देना है। 28 अक्टूबर तक देश भर में कुल 27 ‘युवा संवाद’ आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 5,856 युवाओं ने हिस्सा लिया।
विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित हुए विशेष कार्यक्रम
उत्तरी क्षेत्र में दिल्ली, गुरुग्राम, पंचकूला, राजौरी और झज्जर के संस्थानों में कार्यक्रम संपन्न हुए। दिल्ली के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स में आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली के उपराज्यपाल श्री तरनजीत सिंह संधू, खिलाड़ी श्री अर्जुन सिंह नागरा और श्री अजीत यादव ने शिरकत की। मध्य क्षेत्र के मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में चुनावी जागरूकता और जिम्मेदार नागरिकता पर विशेष सत्र आयोजित हुए। श्योपुर में सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर ने छात्रों से संवाद किया, जबकि रायगढ़ में लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया और माय भारत के संयुक्त निदेशक श्री रमन पटेल की उपस्थिति में नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट का आयोजन किया गया। पूर्वी क्षेत्र में दार्जिलिंग के फांसीदावा और पूर्वोत्तर में अरुणाचल प्रदेश के राजीव गांधी विश्वविद्यालय में भी कार्यक्रम हुए, जहां यूथ आइकन और खेल हस्तियों ने युवाओं का मार्गदर्शन किया।
लोकतांत्रिक शपथ और ऑनलाइन क्विज का आयोजन
इन सभी कार्यक्रमों में छात्रों, जनप्रतिनिधियों, यूथ आइकंस, खिलाड़ियों और संस्थागत प्रमुखों ने एक मंच पर आकर मतदान के अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों पर गहन चर्चा की। आयोजनों के अंत में प्रतिभागियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने की शपथ ली। इसके अलावा, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के मायगव के सहयोग से ‘नो योर वोट’ ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता को बढ़ावा दिया गया तथा क्यूआर आधारित सुझाव बॉक्स के जरिए युवाओं से सुझाव एकत्र किए गए।
Source: Press Information Bureau (PIB), Government of India
Photo: PIB








