नई दिल्ली | केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर राष्ट्र की सेवा में शहीद हुए पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस गरिमापूर्ण समारोह को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने देश की आंतरिक सुरक्षा और सीमाओं की रक्षा में जवानों के सर्वोच्च बलिदान को याद किया। इस कार्यक्रम में संसद सदस्य श्री कृष्ण प्रसाद टेनेटी, श्री राजीव कुमार, केन्द्रीय गृह सचिव श्री गोविंद मोहन, आसूचना ब्यूरो के निदेशक श्री महेश दीक्षित, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के महानिदेशक श्री शत्रुजीत कपूर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान गृह मंत्री ने ‘Fight Against Drugs’ संदेश के तहत एक देशव्यापी मोटरसाइकिल रैली को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
नक्सलवाद मुक्ति और आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर बड़ी सफलता
समारोह को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 भारतीय पुलिस के लिए बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि 31 मार्च 2026 को देश को नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्ति मिल गई है। उन्होंने बताया कि 1981 से मार्च 2026 तक नक्सल हिंसा में 3600 से अधिक जवान और लगभग 13,700 निर्दोष नागरिक शहीद हुए। उन्होंने कश्मीर, उत्तर-पूर्व और वाम उग्रवाद जैसे आंतरिक सुरक्षा के पुराने हॉटस्पॉट का जिक्र करते हुए कहा कि आज इन तीनों क्षेत्रों में शांति और विकास का वातावरण है। इसके साथ ही उन्होंने बंगाल विधानसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि सुरक्षा बलों और सीएपीएफ (CAPF) की मुस्तैदी के कारण अब देश चुनावी हिंसा से मुक्त हो चुका है।
31 दिसंबर 2029 तक देश को नशा मुक्त बनाने का संकल्प
गृह मंत्री ने देश के सामने मौजूद नई चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि आगामी साढ़े तीन वर्षों में ड्रग्स के खिलाफ संयुक्त लड़ाई लड़कर 31 दिसंबर 2029 तक देश को इस समस्या से पूरी तरह मुक्त किया जाएगा। उन्होंने पुलिस बलों का आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तैयार किए गए ‘नशा मुक्त भारत’ के रोडमैप को जमीन पर उतारने के लिए पूरी तन्मयता से जुट जाएं। आज रवाना की गई मोटरसाइकिल रैली में विभिन्न राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों और केंद्रीय सशस्त्र बलों के करीब 90 सवार शामिल हैं, जो ‘Fight Against Drugs’ का संदेश लेकर गुजरात के एकता नगर में आयोजित एकता परेड-2026 में शामिल होंगे।
Source: Press Information Bureau (PIB), Government of India
Photo: PIB







