नई दिल्ली | केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने पुणे में 100वें ‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल’ के ऐतिहासिक अवसर पर भारत की पहली ओलंपिक फिल्म का शुभारंभ किया। इस खास फिल्म में अभिनेता आयुष्मान खुराना के साथ-साथ खेल जगत की जानी-मानी हस्तियां मीराबाई चानू, शीतल देवी और स्मृति मंधाना शामिल हैं। यह फिल्म #IndiaReady4Olympics थीम के अंतर्गत भारत के ओलंपिक अभियान की शुरुआत का प्रतीक है और देश में खेलों के क्षेत्र में आ रहे बड़े बदलाव तथा वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी की भारत की महत्वाकांक्षा को दर्शाती है।
पुणे में 50,000 साइकिल सवारों की ऐतिहासिक भागीदारी
इस अवसर पर डॉ. मांडविया ने जानकारी दी कि फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल के 100वें आयोजन के तहत पुणे की सड़कों पर 50,000 से अधिक साइकिल सवारों ने हिस्सा लिया। इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम का आयोजन देशभर में 40,000 स्थानों पर किया गया, जिसके लिए रिकॉर्ड 56,000 पंजीकरण दर्ज किए गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया विजन को साकार करते हुए इस ऐतिहासिक आयोजन को वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी की भारत की दावेदारी को समर्पित किया गया। छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमि से निकले इस कार्यक्रम में देश के हर जिले में माय भारत के सहयोग से रैलियां निकाली गईं। इस दौरान ‘रिवर साइक्लोथॉन 2026: जल संरक्षण एवं नदी स्वच्छता’ थीम के तहत 25 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की साइकिल रैलियां हुईं। प्रतिभागियों ने जल संरक्षण, नदियों की स्वच्छता और नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प भी लिया। 600 से अधिक जिलों में आयोजित इन रैलियों में 1.5 लाख से अधिक माय भारत वालंटियर्स ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
देशव्यापी फिटनेस आंदोलन बना संडेज़ ऑन साइकिल
प्रदूषण का सॉल्यूशन संदेश के साथ 17 दिसंबर, 2024 को शुरू हुआ संडेज़ ऑन साइकिल अब एक विशाल देशव्यापी फिटनेस आंदोलन का रूप ले चुका है। इसके अब तक के 100 आयोजनों में कुल मिलाकर 40 लाख से अधिक लोगों की भागीदारी दर्ज की गई है। इस पहल के माध्यम से देश भर में 7,500 से अधिक ‘फिट इंडिया नमो साइक्लिंग क्लब’ स्थापित किए जा चुके हैं और लगभग 10,000 स्थानों पर साप्ताहिक गतिविधियां चलाई जा रही हैं। इस 100वें विशेष आयोजन में भारतीय ओलंपिक संघ के सीईओ श्री रघुराम अय्यर, ओलंपियन प्रियंका गोस्वामी, जैस्मिन लम्बोरिया, प्रीति पवार, संदीप कुमार, आशीष कुमार चौधरी, श्राबनी नंदा और यूथ ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अंबेकर मीतेई सहित कई दिग्गज खिलाड़ी उपस्थित रहे। आईओए के सीईओ ने बताया कि हाल ही में आईओसी भावी मेजबान आयोग के सदस्यों के साथ चर्चा में यह प्रदर्शित किया गया है कि भारत और अहमदाबाद वर्ष 2030 में राष्ट्रमंडल खेलों और वर्ष 2036 में ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
Source: Press Information Bureau (PIB), Government of India
Photo: PIB











