नई दिल्ली | भारत नवीकरणीय ऊर्जा शिखर सम्मेलन और एक्स्पो 2026 के दूसरे दिन विभिन्न देशों और राज्यों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस सम्मेलन में केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री प्रह्लाद जोशी, केंद्रीय बिजली एवं आवास तथा शहरी मामलों के मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा और बिजली राज्य मंत्री श्री श्रीपद येसो नाइक ने ‘द नेक्स्ट टेरावॉट’ के ministerial सत्र में भाग लिया। इस उच्च स्तरीय संवाद का आयोजन अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन, सीईईडब्ल्यू और एनर्जीवा वेंचर्स द्वारा किया गया था, जिसका उद्देश्य आने वाले दशकों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नवीकरणीय ऊर्जा को लागू करने के ढांचे की रूपरेखा तैयार करना था।
निवेश और रणनीतिक रोडमैप पर चर्चा
चर्चाओं के दौरान वैश्विक नवीकरणीय ऊर्जा विस्तार के अगले चरण को गति देने के लिए चार प्रमुख प्राथमिकता वाले क्षेत्रों पर विचार किया गया, जिनमें एकीकृत ऊर्जा योजना, आपूर्ति और भंडारण, ऊर्जा अवसंरचना का विस्तार, टेरावॉट-स्तर की फंडिंग और डिजिटलीकरण तथा एआई शामिल हैं। इन चर्चाओं के माध्यम से 2050 तक के लिए एक रणनीतिक रोडमैप तैयार किया गया, जो 2047 तक ‘विकसित भारत’ की परिकल्पना के अनुरूप है। इस सम्मेलन में 130 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 40 से अधिक मंत्री, वरिष्ठ नीति-निर्माता और उद्योग जगत के दिग्गज शामिल रहे। ऑस्ट्रेलिया, डेनमार्क, यूरोपीय संघ, फ्रांस, जर्मनी, नीदरलैंड, नॉर्वे, स्वीडन और यूनाइटेड किंगडम भागीदार देश के रूप में शामिल हुए।
विभिन्न राज्यों के समझौते और एमओयू
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और उप मुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव की उपस्थिति में लगभग 1.17 लाख करोड़ रुपये के कुल प्रस्तावित निवेश वाले 18 समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए। इसके अलावा, बोंडाडा ग्रुप की कंपनी बोंडाडा इंजीनियरिंग लिमिटेड ने गोवा में नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के लिए लगभग 3,000 करोड़ रुपये के निवेश हेतु गोवा निवेश संवर्धन और सुविधा बोर्ड के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। देश के 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने अपनी नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता और विनिर्माण क्षमताओं को प्रदर्शित किया। इस अवसर पर ब्लूमबर्गएनईएफ की साझेदारी में ‘वॉट्स नेक्स्ट: इनोवेटर्स आइडियाज फॉर इंडियाज एनर्जी सिक्योरिटी, एजेंडा 2047’ का पहला चरण भी आयोजित किया गया, जिसमें उद्योग जगत के प्रमुख दिग्गजों ने अपने विचार रखे।
Source: Press Information Bureau (PIB), Government of India
Photo: PIB











