नई दिल्ली | पिछले एक दशक में भारत के सौर ऊर्जा क्षेत्र में अभूतपूर्व विस्तार देखने को मिला है, जिससे यह देश के ऊर्जा परिवर्तन में एक मुख्य कारक बनकर उभरा है। स्थापित क्षमता में वृद्धि, घरेलू विनिर्माण और विकेंद्रीकृत सौर ऊर्जा को अपनाना इस क्षेत्र की बढ़ती पहुंच को भली-भांति दर्शाता है। नीतिगत समर्थन, बुनियादी ढांचे के विकास और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी ने इस बदलाव को और अधिक तेज कर दिया है। सौर ऊर्जा देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ आर्थिक विकास में सहयोग दे रही है और जलवायु संबंधी प्रयासों को भी आगे बढ़ा रही है। इन सभी विषयों पर नई दिल्ली के भारत मंडपम में 2 से 5 नवंबर तक आयोजित ‘भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो (बीआरईएसई) 2026’ में व्यापक चर्चाएं की गईं।
सौर ऊर्जा की रिकॉर्ड वृद्धि और क्षमता
एक दशक पहले देश के बिजली उत्पादन में सौर ऊर्जा की हिस्सेदारी बहुत कम थी, लेकिन आज यह भारत की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता का सबसे बड़ा हिस्सा बन चुकी है। वर्ष 2014 में मात्र 2.82 गीगावॉट की स्थापित क्षमता से यह क्षेत्र लगभग 62 गुना विस्तार करते हुए 31 अक्टूबर 2026 तक 175 गीगावॉट के आंकड़े को पार कर गया है। भारत ने वर्ष 2025 में 37 गीगावॉट सौर क्षमता जोड़ी, जो वार्षिक वृद्धि के मामले में अमेरिका से भी अधिक है। इसके साथ ही, भारत दुनिया के दूसरे सबसे बड़े सौर विकास बाजार के रूप में उभरा है। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान देश ने 44.61 गीगावॉट सौर क्षमता जोड़ी, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की तुलना में लगभग दोगुनी है। राजस्थान, गुजरात, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र जैसे राज्यों की कुल स्थापित क्षमता में बड़ी हिस्सेदारी है।
प्रमुख योजनाएं और विनिर्माण का विस्तार
सरकार द्वारा शुरू की गई विभिन्न पहलों ने देश में सौर ऊर्जा के प्रसार को तीव्र गति दी है। ‘पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना’ के तहत नवंबर 2026 तक लगभग 65 लाख घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ा जा चुका है और 21 लाख से अधिक परिवारों का बिजली बिल शून्य हो गया है। वहीं, कृषि क्षेत्र में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने वाली ‘पीएम-कुसुम’ योजना के माध्यम से भी किसानों को व्यापक लाभ मिल रहा है। इसके अलावा, घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई पीएलआई योजना और एएलएमएम जैसे गुणवत्ता आश्वासन ढांचे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। परिणामस्वरूप, सौर मॉड्यूल विनिर्माण क्षमता 2014 के 2.3 गीगावॉट से बढ़कर जून 2026 तक 192 गीगावॉट तक पहुंच गई है। इन तमाम प्रयासों के जरिए भारत अपने ‘पंचामृत’ लक्ष्यों और 2070 तक ‘नेट-जीरो’ उत्सर्जन के संकल्प की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
Source: Press Information Bureau (PIB), Government of India
Photo: PIB











