नई दिल्ली | इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (माइटी) के अंतर्गत ‘इंडिया एआई मिशन’ ने आज स्वदेशी फाउंडेशन मॉडल ‘ईकेए-1’ और ‘धीर’ (धीर 2बी व धीर 5बी) जारी किए हैं। इन्हें नई दिल्ली में आयोजित एक प्रेस कार्यक्रम के दौरान पेश किया गया। इन मॉडलों को क्रमशः ‘सॉकेट लैब्स टेक्नोलॉजी एंड रिसर्च प्राइवेट लिमिटेड’ और ‘जेंटीक्यू एआईटेक इनोवेशन’ द्वारा विकसित किया गया है। इस अवसर पर माइटी के सचिव एस. कृष्णन, इंडियाएआई के सीओओ सुदीप श्रीवास्तव समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और दोनों कंपनियों की लीडरशिप टीम मौजूद थी। अधिकारियों ने इसे घरेलू स्तर पर एआई तकनीक विकसित करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि बताया है।
सॉकेट का ईकेए-1 मॉडल
सॉकेट लैब्स टेक्नोलॉजी एंड रिसर्च प्राइवेट लिमिटेड द्वारा विकसित ईकेए-1 एक शक्तिशाली फाउंडेशन मॉडल है, जिसमें 26.3 बिलियन पैरामीटर शामिल हैं। इसे भारत की सभी 22 अधिसूचित भाषाओं और अंग्रेजी में लगभग 7.5 ट्रिलियन टोकन पर प्रशिक्षित किया गया है। यह एक ओपन, स्पार्स हाइब्रिड लैंग्वेज मॉडल है, जिसे गणित, कोडिंग, तर्क यानी रीजनिंग और एजेंटिक कार्यों के लिए डिजाइन किया गया है। कंपनी के अनुसार, इसे विशेष रूप से भारत के बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं और साइबर सुरक्षा के परिवेश के अनूठे हिसाब से तैयार किया गया है।
जेंटीक्यू के धीर 2बी और 5बी
जेंटीक्यू एआईटेक इनोवेशन ने ओपन-सोर्स मॉडल के रूप में ‘धीर 2बी’ और ‘धीर 5बी’ पेश किए हैं। ये असिस्टेंट अंग्रेजी और 10 भारतीय भाषाओं को सपोर्ट करते हैं। इन मॉडल्स का उपयोग रक्षा, सरकारी, औद्योगिक और शैक्षिक क्षेत्रों में किया जा सकता है, खासकर उन जगहों पर जहां कनेक्टिविटी कम है या संवेदनशील वातावरण है। ये बिना इंटरनेट के भी स्थानीय स्तर पर सिस्टम पर काम कर सकते हैं और मोबाइल फोन पर भी चलाए जा सकते हैं, जिससे डेटा की सुरक्षा और प्राइवेसी बनी रहती है।
Source: Press Information Bureau (PIB), Government of India
Photo: PIB






