नई दिल्ली | कैंसर के इलाज को किफायती बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए, राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) द्वारा तय की गई 1,364 एंटी-कैंसर फ़ॉर्मूलेशन की संशोधित और घटी हुई कीमतें आज यानी 9 नवंबर, 2026 से देशभर में लागू हो गई हैं। यह महत्वपूर्ण निर्णय रसायन और उर्वरक मंत्रालय के फार्मास्यूटिकल्स विभाग के अंतर्गत लिया गया है, जिससे देश के कैंसर पीड़ितों और उनके परिजनों को बहुत बड़ी आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों पर हुआ फैसला
यह पूरा कदम स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) द्वारा 17 अक्टूबर, 2026 को गठित एक विशेष विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के आधार पर उठाया गया है। समिति के सुझावों के बाद एनपीपीए ने 137 कैंसर-रोधी दवाओं के अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) पर ट्रेड मार्जिन की सीमा तय कर दी थी।
प्राप्त आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 8 नवंबर, 2026 तक कुल 85 फार्मास्युटिकल कंपनियों ने 121 दवाओं से जुड़े 1,364 एंटी-कैंसर फॉर्मूलेशन के संशोधित एमआरपी की जानकारी दे दी थी। इनमें से 679 ब्रांडों ने अपनी दवाओं की कीमतों में 50 प्रतिशत से भी अधिक की भारी कमी की है, जबकि एमआरपी में सबसे अधिक गिरावट 96.45 प्रतिशत तक दर्ज की गई है। कीमतों में आई इस व्यापक गिरावट के कारण उपभोक्ताओं को सालाना लगभग 3,540.38 करोड़ रुपये की सीधी बचत होने का अनुमान है।
शिकायत दर्ज करने के लिए पोर्टल और हेल्पलाइन
आम जनता और उपभोक्ता किसी भी दवा के पैक पर छपी संशोधित एमआरपी को आसानी से देख सकते हैं। इसके अलावा, कीमतों की सटीक पुष्टि के लिए ‘फार्मा सही दाम’ मोबाइल ऐप या एनपीपीए की आधिकारिक वेबसाइट nppa.gov.in का उपयोग किया जा सकता है।
नियमों के मुताबिक, देश का कोई भी केमिस्ट या अस्पताल की फार्मेसी निर्धारित संशोधित एमआरपी से अधिक कीमत नहीं वसूल सकती है। यदि कोई भी संस्थान या व्यक्ति अधिक कीमत वसूलता है या कीमतों से जुड़ी कोई अन्य समस्या सामने आती है, तो उपभोक्ता इसके खिलाफ ‘फार्मा जन समाधान’ पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अतिरिक्त, सहायता के लिए एनपीपीए के हेल्पलाइन नंबर 1800-111-255 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
Source: Press Information Bureau (PIB), Government of India
Photo: PIB











