नई दिल्ली | राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए तटीय मार्ग से श्रीलंका ले जाई जाने वाली 71 किलोग्राम से अधिक हेरोइन की तस्करी के प्रयास को नाकाम कर दिया है। विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर 17-18 नवंबर 2026 के दौरान चेन्नई में यह सुनियोजित अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई के तहत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है और यह साल 2026 के दौरान देश में एक ही बार में की गई सबसे बड़ी जब्ती में से एक है।
श्रीलंका तस्करी का था प्लान और ऐसे हुई कार्रवाई
खुफिया जानकारी से संकेत मिला था कि हेरोइन की एक बड़ी खेप को चेन्नई से समुद्री तटीय मार्ग के जरिए श्रीलंका में तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है। त्वरित कार्रवाई करते हुए डीआरआई अधिकारियों ने चेन्नई में एक संदिग्ध वाहन और उसकी निगरानी कर रहे दोपहिया वाहन को रोक लिया। वाहन की तलाशी लेने पर हल्के सफेद रंग के पाउडर जैसे 69 पैकेट बरामद हुए, जिनका कुल वजन 71.24 किलोग्राम था। इन मादक पदार्थों को स्वापक औषधि एवं मनः प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इस खेप को चेन्नई को पारगमन केंद्र बनाकर तिरुचिरापल्ली के रास्ते समुद्री मार्ग से श्रीलंका भेजा जाना था। परिवहन में इस्तेमाल दोनों वाहनों को भी जब्त कर लिया गया है।
गिरफ्तारी और पिछली कार्रवाइयां
मामले में शामिल दोनों आरोपियों को एनडीपीएस अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस जब्ती ने अवैध बाजार में हेरोइन की भारी मात्रा पहुंचने के प्रयास को विफल कर दिया है। यह बड़ी कार्रवाई अक्टूबर 2026 में नागपट्टिनम के निकट एक तटीय गांव से मेथामफेटामाइन की 137 किलोग्राम की खेप पकड़े जाने के बाद सामने आई है, जिसकी भी श्रीलंका में तस्करी की जानी थी। ये लगातार कार्रवाईयां प्रतिबंधित पदार्थों की खेप पकड़ने के लिए डीआरआई की मजबूत खुफिया जानकारी और अभियानगत तैयारियों को दर्शाती हैं।
Source: Press Information Bureau (PIB), Government of India
Photo: PIB











