नई दिल्ली | दिल्ली सीमा शुल्क विभाग के अंतर्गत एयर कार्गो इम्पोर्ट के अधिकारियों ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नई दिल्ली के एयर कार्गो कॉम्प्लेक्स के माध्यम से हो रही कोकीन की तस्करी की कोशिश को सफलतापूर्वक विफल कर दिया है। यह कार्रवाई पूरी तरह से खुफिया जानकारी और सटीक डेटा विश्लेषण के आधार पर अंजाम दी गई है, जिससे अवैध नशीले पदार्थों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
युगांडा से आई थी संदिग्ध खेप
अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, यह खेप युगांडा के एंटेबे से नई दिल्ली पहुंची थी। कागजों में इस खेप को “बीन्स क्लॉथ्स” यानी कपड़े के रूप में घोषित किया गया था। हैरानी की बात यह है कि यह खेप गंतव्य पर पहुंचने के बाद काफी समय तक बिना किसी दावे के पड़ी रही और इसे क्लियर कराने के लिए कोई भी ‘बिल ऑफ एंट्री’ दाखिल नहीं की गई थी, जिससे अधिकारियों को इस पर संदेह हुआ।
तपास में मिला नशीला पदार्थ और जब्ती
सीमा शुल्क अधिकारियों द्वारा इस लावारिस खेप की बारीकी से जांच की गई। जांच के दौरान इसमें कच्ची दालें और बीन्स के साथ लगभग 1.975 किलोग्राम कुल वजन का कपड़ा मिला, जिसमें नशीला पदार्थ होने का संदेह था। इसके अतिरिक्त, 350 ग्राम वजन का एक अलग पैकेट भी बरामद हुआ जिसमें सफेद पाउडर था, जिसकी शुरुआती जांच में कोकीन होने की पुष्टि हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस कोकीन की कीमत 10 से 15 करोड़ रुपये प्रति किलोग्राम आंकी गई है, जबकि कुल जब्त सामग्री की स्ट्रीट वैल्यू लगभग 5 करोड़ रुपये है। इन सभी संदिग्ध पदार्थों को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
Source: Press Information Bureau (PIB), Government of India
Photo: PIB








