Shopping cart

No Widget Added

Please add some widget in Offcanvs Sidebar

TnewsTnews
  • Home
  • India
  • तवांग मठ में 21,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने बुद्ध के अवशेषों को दी श्रद्धांजलि
India

तवांग मठ में 21,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने बुद्ध के अवशेषों को दी श्रद्धांजलि

भारत का एक पारंपरिक बौद्ध मठ

नई दिल्ली | अरुणाचल प्रदेश स्थित गादेन नामग्याल ल्हात्से यानी तवांग मठ में शाक्यमुनि बुद्ध के पवित्र अवशेषों के दर्शन और प्रार्थना के लिए अब तक 21,000 से अधिक भक्त पहुंच चुके हैं। तवांग और आसपास के पड़ोसी क्षेत्रों के श्रद्धालु इन पवित्र अवशेषों की उपस्थिति में आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए लगातार मठ में एकत्र हो रहे हैं। संस्कृति मंत्रालय द्वारा अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध परिसंघ और अरुणाचल प्रदेश सरकार के साथ मिलकर आयोजित इस प्रदर्शनी का विशेष ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व है, क्योंकि ये पवित्र अवशेष 13 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद अरुणाचल प्रदेश लौटे हैं। राष्ट्रीय संग्रहालय, नई दिल्ली से लाए गए ये अवशेष बौद्ध भिक्षुओं, ननों, भक्तों और आम जनता को अपनी समृद्ध बौद्ध विरासत के साथ जुड़ाव गहरा करने का अनूठा अवसर प्रदान कर रहे हैं। तवांग मठ में यह प्रदर्शनी 7 नवंबर, 2026 तक आम जनता के लिए खुली रहेगी।

पवित्र अवशेषों का इतिहास और विशेष प्रदर्शनियां

इन पवित्र अवशेषों की खोज वर्ष 1898 में उत्तर प्रदेश के पिपरावाह में की गई थी, जो बौद्ध धर्म के पुरातात्विक इतिहास में एक मील का पत्थर है। राष्ट्रीय संग्रहालय, नई दिल्ली में संरक्षित ये अवशेष बौद्ध समुदायों के लिए अत्यधिक ऐतिहासिक, पुरातात्विक और आध्यात्मिक महत्व रखते हैं। बौद्ध धर्म की समृद्ध विरासत को उजागर करने के लिए तवांग मठ में दो विशेष प्रदर्शनियों का आयोजन भी किया गया है। इनमें अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध परिसंघ द्वारा ‘अनअर्थिंग द सेक्रेड पिपराहवा: द स्टोरी ऑफ द होली बुद्ध रेलिक्स एंड देयर डिस्कवरी’ अवशेषों की खोज और ऐतिहासिक महत्व को दर्शाती है। इसके अलावा, राष्ट्रीय संग्रहालय, नई दिल्ली द्वारा एकत्रित ‘क्रॉसरोड्स ऑफ धम्माः क्लासिकल लिगेसिज, लिविंग आर्ट एंड अन्थ्रॉपॉलॉजिक्ल पर्सपेक्टिव्स’ प्रदर्शनी बौद्ध धर्म के ऐतिहासिक, कलात्मक और सांस्कृतिक आयामों को बखूबी प्रदर्शित करती है।

आगामी यात्रा और सांस्कृतिक महत्व

तवांग मठ में प्रदर्शनी संपन्न होने के बाद, इन पवित्र अवशेषों को आगे की यात्रा पर ले जाया जाएगा। इन्हें 8 से 13 नवंबर, 2026 तक टीजीएल मठ (लोअर गोम्पा), बोमडिला में रखा जाएगा। इसके बाद 14 से 20 नवंबर, 2026 तक गोल्डन पैगोडा, नामसाई में श्रद्धालु इनके दर्शन कर सकेंगे। अंत में, ये पवित्र अवशेष 21 नवंबर, 2026 को राष्ट्रीय संग्रहालय, नई दिल्ली वापस लाए जाएंगे। यह संपूर्ण आयोजन देश की समृद्ध बौद्ध विरासत को संरक्षित करने, बढ़ावा देने और शांति, करुणा, ज्ञान तथा वैश्विक भाईचारे पर आधारित भगवान बुद्ध की शाश्वत शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।

Source: Press Information Bureau (PIB), Government of India

Photo: PIB

Related Posts