Shopping cart

No Widget Added

Please add some widget in Offcanvs Sidebar

TnewsTnews
  • Home
  • India
  • शंघाई सहयोग संगठन सभ्यता संवाद मंच का दूसरा दिन रहा बेहद खास
India

शंघाई सहयोग संगठन सभ्यता संवाद मंच का दूसरा दिन रहा बेहद खास

सम्मेलन हॉल में बैठे प्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति

नई दिल्ली | भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय की मेजबानी में नयी दिल्ली में 20 से 22 नवंबर तक आयोजित होने वाले पहले ‘शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) सभ्यता संवाद मंच’ के दूसरे दिन कई महत्वपूर्ण सत्रों का आयोजन किया गया। इन सत्रों में सभ्यताओं की सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों, कला एवं वास्तुकला में साझा विरासत तथा ऐतिहासिक व्यापारिक संबंधों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया। इस कार्यक्रम में एससीओ सदस्य देशों एवं संवाद भागीदार देशों के मंत्री, वरिष्ठ प्रतिनिधि, शिक्षाविद, इतिहासकार और संस्कृति विशेषज्ञ शामिल हुए। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 20 नवंबर को इस सम्मेलन का उद्घाटन किया था, जिसका उद्देश्य एससीओ सदस्य देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करना है। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र इस आयोजन का नॉलेज पार्टनर है।

सांस्कृतिक अभिव्यक्तियां और साझा विरासत

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने दूसरे दिन ‘सभ्यतागत एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्तियां’ विषय पर आयोजित सत्रों की अध्यक्षता करते हुए कहा कि ऐतिहासिक संबंधों ने देशों को एक-दूसरे के करीब लाने में बड़ी भूमिका निभाई है। उन्होंने एक वैदिक प्रार्थना का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारी सभ्यताएं केवल अतीत की विरासतें नहीं बल्कि जीवंत परंपराएं हैं। संस्कृति मंत्रालय के सचिव श्री विवेक अग्रवाल ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि यह फोरम सदस्य देशों को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और साझा मूल्यों को समझने का अवसर देता है। पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. मुसद्दीक मसूद मलिक ने पुराना किला का जिक्र करते हुए कहा कि इसकी दीवारों में अलग-अलग शासकों की कला और परंपराओं की झलक मिलती है। विदेश मंत्रालय के राष्ट्रीय समन्वयक श्री आलोक डिमरी ने कहा कि इस संगठन को सुरक्षा-केंद्रित सोच से आगे बढ़ने की आवश्यकता है।

कला, वास्तुकला और व्यापारिक संबंध

दिन के अगले सत्रों में विभिन्न सभ्यताओं में कला, वास्तुकला और व्यापारिक संबंधों पर गहन चर्चा की गई। तीसरे सत्र में कलात्मक एवं वास्तुशिल्पीय आदान-प्रदान पर चर्चा हुई जिसकी अध्यक्षता भारतीय पुरातत्त्व सर्वेक्षण के महानिदेशक श्री यदुबीर सिंह रावत ने की। चौथे सत्र में व्यापार मार्गों, यात्रियों, बौद्ध भिक्षुओं और शासकों के माध्यम से बने ऐतिहासिक संबंधों पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान अज़रबैजान, नेपाल, ताजिकिस्तान सहित कई अन्य देशों के मंत्रियों और प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने नई दिल्ली स्थित राय पिथोरा सांस्कृतिक परिसर में एक प्रदर्शनी का अवलोकन किया और एक सांस्कृतिक प्रस्तुति के बाद आधिकारिक रात्रिभोज में हिस्सा लिया।

Source: Press Information Bureau (PIB), Government of India

Photo: PIB

Related Posts