नई दिल्ली | विधि और न्याय मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले विधि कार्य विभाग ने ‘विशेष अभियान 6’ के तहत कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य कुशल प्रशासन, संस्थागत मजबूती, पर्यावरणीय स्थिरता, पारदर्शिता और नागरिक-केंद्रित शासन को बढ़ावा देना था। अभियान के कार्यान्वयन चरण से पहले तैयारी के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने फील्ड कार्यालयों का दौरा कर ‘स्वच्छता ही सेवा’ और इस अभियान के बारे में जागरूकता फैलाई थी।
स्वच्छता पहल और कबाड़ निपटान से राजस्व
विभाग ने कार्यालय परिसरों में कुल 30 स्वच्छता अभियान आयोजित किए, जिससे कार्यस्थल पर साफ-सुथरा माहौल बना। इसके अलावा ई-कचरे और कबाड़ जैसी अनुपयोगी वस्तुओं के व्यवस्थित निपटान से विभाग ने 4,71,881 रुपये का राजस्व अर्जित किया। पुराने और बेकार उपकरणों के हटाने से कार्यालय के बुनियादी ढांचे का बेहतर उपयोग सुनिश्चित हुआ और पर्यावरण की दृष्टि से सुरक्षित निपटान को बढ़ावा मिला। इन तमाम गतिविधियों के चलते कार्यालय परिसर का 4,889 वर्ग फुट स्थान भी खाली हो गया, जिसका उपयोग अब सरकारी कार्यों के लिए प्रभावी रूप से किया जा सकेगा।
फाइल प्रबंधन और जन शिकायतों का निवारण
प्रशासनिक कार्यक्षमता और रिकॉर्ड को व्यवस्थित करने के लिए विभाग ने बड़े पैमाने पर फाइलों की समीक्षा की। इस प्रक्रिया के तहत 27,289 भौतिक फाइलों की समीक्षा की गई, जिनमें से 15,679 फाइलों को हटा दिया गया। वहीं, 20,572 ई-फाइलों की समीक्षा के बाद 17,798 फाइलों को बंद कर दिया गया। इसके अलावा, सांसदों से मिले 58 और अंतर-मंत्रालयी समिति के 19 संदर्भों का शत-प्रतिशत निपटान किया गया। जन शिकायतों के निवारण के मामले में भी तेजी दिखाते हुए 534 मामलों का समाधान किया गया, जो नागरिक-केंद्रित शासन के प्रति विभाग की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
Source: Press Information Bureau (PIB), Government of India
Photo: PIB











