नई दिल्ली | केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने ओडिशा के बलांगीर में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शिरकत करते हुए राज्य के गरीबों, किसानों और महिलाओं के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री श्री मोहन चरण माझी की उपस्थिति में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमें प्रदेश के विकास को गति देने के लिए विभिन्न सौगातें प्रदान की गईं। इस अवसर पर क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया गया।
पक्के मकान और सोलर पैनल की सौगात
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने ऐलान किया कि ओडिशा के गरीब परिवारों को तत्काल 5 लाख पक्के मकान दिए जाएंगे और चरणबद्ध तरीके से हर पात्र परिवार को पक्का आवास मिलेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवास के लिए अब सही सर्वे पूरा हो चुका है, जिससे कोई भी गरीब कच्ची झोपड़ी में नहीं रहेगा। इसके अलावा, इन मकानों पर सोलर पैनल लगाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर सब्सिडी प्रदान करेंगी। इससे बिजली का बिल शून्य होगा और अतिरिक्त बिजली बेचकर लोग अपनी कमाई भी बढ़ा सकेंगे।
ग्रामीण विकास के खाका पर चर्चा करते हुए मंत्री ने बताया कि ‘विकसित भारत- जी राम जी’ योजना के तहत इस वर्ष राज्य को लगभग 4000 करोड़ रुपये मिलेंगे। इससे हर पंचायत को विकास कार्यों के लिए बड़ी राशि प्राप्त होगी, जिससे गांवों में सड़क, नाली, स्कूल, पंचायत भवन और तालाबों का निर्माण किया जा सकेगा। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण में 1700 किलोमीटर सड़कों की मंजूरी मिलने के बाद बचे हुए सभी गांवों को भी पक्की सड़कों से जोड़ा जाएगा।
लखपति दीदी और कृषि कॉलेज का निर्माण
महिला सशक्तिकरण की दिशा में बात करते हुए श्री चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री मोहन माझी के नेतृत्व में ओडिशा ने 29 लाख बहनों को ‘लखपति दीदी’ बना दिया है। सुभद्रा योजना के तहत सालाना 10 हजार रुपये मिलने से महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है। आगामी पांच वर्षों में देशभर में बहनों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए 10 लाख करोड़ रुपये का लोन अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत अब अकेले व्यापार शुरू करने वाली महिलाओं को भी बिना परेशानी के लोन मिलेगा।
इसके साथ ही, बलांगीर में नए कृषि कॉलेज का शिलान्यास किया गया। मंत्री ने घोषणा की कि इस कॉलेज को देश का सर्वश्रेष्ठ संस्थान बनाया जाएगा, जहां शीर्ष वैज्ञानिक किसानों की सहायता करेंगे। किसानों के लिए एक ठोस रोडमैप तैयार किया जा रहा है जिसके तहत खेतों के ऊपर सोलर पैनल और नीचे खेती करके किसानों को दोहरा लाभ दिलाया जाएगा। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री श्री कनक वर्धन सिंह देव सहित कई अन्य गणमान्य अतिथि भी मौजूद रहे।
Source: Press Information Bureau (PIB), Government of India
Photo: PIB










