नई दिल्ली | राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम लिमिटेड (एनएसआईसी) ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए भारत सरकार को लाभांश प्रदान किया है। इस संबंध में एनएसआईसी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) डॉ. सुभ्रांशु शेखर आचार्य ने 28 अक्टूबर 2026 को एमएसएमई के केंद्रीय मंत्री श्री जीतन राम मांझी और एमएसएमई राज्य मंत्री सुश्री शोभा करंदलाजे को 47.76 करोड़ रुपये का लाभांश सौंपा। इस दौरान मंत्रालय के सचिव श्री भरत खेड़ा के साथ ही मंत्रालय और एनएसआईसी के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
वित्तीय प्रदर्शन और उपलब्धियां
डॉ. सुभ्रांशु शेखर आचार्य ने निगम के मजबूत वित्तीय प्रदर्शन को रेखांकित करते हुए बताया कि एनएसआईसी ने 3,767 करोड़ रुपये का राजस्व और 159 करोड़ रुपये का कर-पश्चात लाभ (पीएटी) अर्जित किया है। यह आंकड़े पिछले वित्त वर्ष की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि को दर्शाते हैं। निगम के इस निरंतर वित्तीय प्रदर्शन और प्रभावी प्रबंधन ने एमएसएमई क्षेत्र के विकास व प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ावा देने की उसकी प्रतिबद्धता को मजबूत किया है।
एमएसएमई क्षेत्र का सशक्तिकरण
केंद्रीय एमएसएमई मंत्रियों ने एकीकृत सहायता सेवाओं और विभिन्न सरकारी पहलों के प्रभावी कार्यान्वयन के माध्यम से एमएसएमई को सशक्त बनाने में एनएसआईसी के योगदान की सराहना की है। नेतृत्व ने देशभर में उद्यमिता को बढ़ावा देने, नए उद्यमों की स्थापना करने, कौशल विकास को गति देने तथा सूक्ष्म और लघु उद्यमों के समग्र विकास में एनएसआईसी की निरंतर भूमिका को लेकर पूरा विश्वास जताया है।
Source: Press Information Bureau (PIB), Government of India
Photo: PIB





