नई दिल्ली | सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के प्रयासों से कर्नाटक के बागलकोट जिले के 45 वर्षीय निवासी राजा (बदला हुआ नाम) की जीवन यात्रा एक नई मिसाल बन गई है। यह मामला इस बात को स्पष्ट करता है कि मादक पदार्थों पर निर्भरता से जूझ रहे व्यक्तियों के सामाजिक और आर्थिक पुन:एकीकरण के लिए चिकित्सा उपचार, परामर्श और पुनर्वास को आजीविका संबंधी सहायता के साथ जोड़ना कितना आवश्यक है। मादक पदार्थों की मांग में कमी के लिए राष्ट्रीय कार्ययोजना (एनएपीडीडीआर) के माध्यम से ऐसे प्रभावित व्यक्तियों को नशे से जुड़ी चुनौतियों से उबरने तथा एक उत्पादक और सम्मानजनक जीवन जीने में सहायता प्रदान करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। समय पर मिलने वाला चिकित्सा उपचार और परामर्श किसी के भी जीवन को दोबारा संवारने में बड़ी भूमिका निभा सकता है।
नशामुक्ति केंद्र से मिला नया जीवन
शराब पर निर्भर रहने से जुड़ी गंभीर चुनौतियों के बावजूद राजा ने अपने जीवन को फिर से संवारने और अपने परिवार का भविष्य सुरक्षित करने का दृढ़ संकल्प लिया था। आर्थिक आत्मनिर्भरता की उनकी इच्छा ने उन्हें पेशेवर मदद लेने के लिए प्रेरित किया। एनएपीडीडीआर के अंतर्गत उन्हें कर्नाटक के बागलकोट स्थित विद्यागिरी के श्री मैत्री जिला नशामुक्ति केंद्र में आवश्यक परामर्श, चिकित्सा उपचार और स्वास्थ्य संबंधी सहायता उपलब्ध कराई गई। इस हस्तक्षेप से उन्हें नशामुक्ति की राह पर आगे बढ़ने, अपना खोया हुआ आत्मविश्वास वापस पाने तथा सतत आजीविका के अवसर तलाशने में बहुत मदद मिली। केंद्र द्वारा दिए गए निरंतर मार्गदर्शन और सहायता का ही परिणाम था कि उन्हें अस्पताल की प्रयोगशाला सेवाओं के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिला।
लैوب टेक्नीशियन बनकर हासिल की आत्मनिर्भरता
संस्थागत सहयोग और रोजगार के अवसरों ने राजा को नशे की लत से पूरी तरह बाहर निकलने में सक्षम बनाया। अब उन्होंने एक अस्पताल में लैब टेक्नीशियन के रूप में रोजगार प्राप्त कर लिया है और वे वर्तमान में लगभग 30,000 रुपये प्रतिमाह की कमाई कर रहे हैं। इस नए रोजगार से उन्हें न केवल नियमित आय का स्रोत मिला है, बल्कि उन्हें अधिक आर्थिक स्थिरता और अपने परिवार के कल्याण में बेहतर योगदान देने का अवसर भी प्राप्त हुआ है। उनका यह अनुभव भली-भांति दर्शाता है कि किस प्रकार समय पर किया गया संस्थागत हस्तक्षेप और सतत रोजगार के प्रयास व्यक्तियों को एक नई उम्मीद और स्वावलंबन की ओर अग्रसर कर सकते हैं।
Source: Press Information Bureau (PIB), Government of India
Photo: PIB











