नई दिल्ली | केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (पीएमएमएसवाई) के अंतर्गत मत्स्य पालन विकास पहलों की समीक्षा के लिए 2 नवंबर, 2026 को सिक्किम के मंगन जिले का दौरा किया। इस अवसर पर सिक्किम सरकार के मत्स्य पालन, पशुपालन, पशु चिकित्सा, डेयरी तथा कृषि एवं बागवानी मंत्री श्री पूरन कुमार गुरुंग और मत्स्य पालन विभाग की सचिव डॉ. अभिलक्ष लिखी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
375 लाख रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन
केंद्रीय मंत्री ने कार्यक्रम के दौरान पूर्वोत्तर में मत्स्य पालन के जैविक प्रमाणन के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का शुभारंभ किया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत 375 लाख रुपये की मत्स्य पालन परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया, जिसमें हैचरी, फीड मिल, कोल्ड स्टोरेज और बायोफ्लॉक तथा रिसर्कुलेटरी एक्वाकल्चर सिस्टम जैसी तकनीकें शामिल हैं। मछली किसानों को संस्थागत ऋण के लिए किसान क्रेडिट कार्ड और मुख्यमंत्री मत्स्य उत्थान योजना के अंतर्गत चेक भी प्रदान किए गए।
जैविक मत्स्य पालन और आईटीबीपी के साथ समझौता
सिक्किम का सोरेंग जिला प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत स्थापित देश का पहला अधिसूचित जैविक मत्स्य पालन क्लस्टर बन गया है। यह क्लस्टर हानिकारक रसायनों के बिना अमूर कार्प, इंडियन मेजर कार्प और ट्राउट पर विशेष जोर देता है। इसके अलावा, स्थानीय रूप से उत्पादित रेनबो ट्राउट की संस्थागत खरीद के लिए भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के साथ एक समझौता किया गया है, जिससे ट्राउट किसानों को एक स्थिर बाजार मिलेगा।
Source: Press Information Bureau (PIB), Government of India
Photo: PIB










