पणजी | गोवा के पणजी में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) में सिनेमा के अलावा कई अन्य आकर्षक अनुभव भी प्राप्त हो रहे हैं। यह महोत्सव परिसर रचनात्मक संस्थानों, सांस्कृतिक पहलों, क्षेत्रीय व्यंजनों, स्थानीय उत्पादों, स्मृति-चिह्नों और सुगम्यता संबंधी पहलों के एक जीवंत केंद्र के रूप में विकसित हुआ है। इन विविध कार्यकलापों के माध्यम से महोत्सव में शामिल प्रतिनिधियों, फिल्मकारों, विद्यार्थियों और आगंतुकों को भारत की समृद्ध रचनात्मक एवं सांस्कृतिक विरासत को जानने-समझने और उससे जुड़نے का अवसर मिल रहा है।
सुगम्यता और रचनात्मक परिवेश का प्रदर्शन
महोत्सव परिसर की एक महत्वपूर्ण पहल ‘स्वयम’ द्वारा संचालित जागरूकता अभियान है, जो सीमित गतिशीलता वाले दिव्यांगजनों के सम्मान, गरिमा और सुगम्यता सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य करता है। आईएफएफआई में दूसरी बार भागीदारी करते हुए, स्वयम सार्वजनिक स्थलों को सुगम बनाने और सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यकलापों में दिव्यांगजनों की भागीदारी सुनिश्चित करने की आवश्यकता के प्रति लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है। इसके साथ ही, महोत्सव परिसर रचनात्मक प्रौद्योगिकी, सिनेमा, प्रदर्शन कलाओं और डिजाइन के क्षेत्र में कार्यरत संस्थानों को अपनी पहलों को प्रदर्शित करने का मंच प्रदान कर रहा है। मुंबई स्थित भारतीय रचनात्मक प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईसीटी), जो एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग, कॉमिक्स और एक्सटेंडेड रियलिटी (एवीजीसी-एक्सआर) के क्षेत्र में भारत का राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र है, एनीमेशन कैरेक्टर निर्माण प्रतियोगिता के माध्यम से आगंतुकों को जोड़ रहा है। प्रकाशन विभाग निदेशालय (डीपीडी) भारतीय सिनेमा पर आधारित पुस्तकों के संग्रह के साथ अपनी प्रसिद्ध गांधीवादी पुस्तक श्रृंखला का प्रदर्शन कर रहा है।
क्षेत्रीय विविधता और मनोरंजन के आयाम
महोत्सव परिसर में लगे खाद्य पदार्थों के स्टॉल यहां के अनुभव को एक नया आयाम दे रहे हैं, जहां पारंपरिक नागा व्यंजनों और बिरयानी से लेकर डोसा, कॉफी और बेकरी उत्पादों तक कई क्षेत्रीय एवं लोकप्रिय खाद्य विकल्प उपलब्ध हैं। गोवा की विशिष्ट पहचान को सामने लाते हुए, गोवा वन विकास निगम लिमिटेड स्थानीय स्तर पर उत्पादित काजू का प्रदर्शन कर रहा है। पुणे स्थित भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई) परिधान और सहायक वस्तुओं का प्रदर्शन कर रहा है, जबकि एंटरटेनमेंट सोसाइटी ऑफ गोवा (ईएसजी) भी अपना संग्रह प्रस्तुत कर रही है। इसके अतिरिक्त, प्राइम वीडियो, स्टोरी टीवी ऐप और बिग एफएम जैसे डिजिटल और प्रसारण माध्यम भी अपने स्टॉल के माध्यम से इसमें भागीदारी कर रहे हैं। स्टॉल संचालकों ने उनकी भागीदारी को सुगम बनाने में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, एंटरटेनमेंट सोसाइटी ऑफ गोवा और राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) द्वारा दिए गए सहयोग की सराहना की है।
Source: Press Information Bureau (PIB), Government of India
Photo: PIB











