नई दिल्ली | भारत में फूलों की खेती का क्षेत्र अब बागवानी के एक गतिशील हिस्से के रूप में तेजी से विकसित हो रहा है। देश की विविध कृषि-जलवायु परिस्थितियों और बढ़ती घरेलू तथा अंतरराष्ट्रीय मांग के कारण इस उद्योग को एक उदीयमान क्षेत्र के रूप में चिह्नित किया गया है। वर्ष 2025-26 के तृतीय अग्रिम अनुमानों के अनुसार, देश में फूलों की खेती का कुल क्षेत्रफल 4.1 लाख हेक्टेयर था, जबकि इस दौरान कुल 48.82 लाख टन फूलों का उत्पादन दर्ज किया गया, जिसमें 36.53 लाख टन खुले फूल और 12.29 लाख टन कटे हुए फूल शामिल हैं। आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, कर्नाटक और पश्चिम बंगाल इस उत्पादन में प्रमुख योगदान देने वाले राज्य हैं।
फूलों का बढ़ता उत्पादन और विविध उपयोग
भारत में फूलों की खेती के अंतर्गत खुले फूल जैसे गेंदा और चमेली तथा कटे हुए फूल जैसे गुलाब, गेरबेरा, कार्नेशन, ऑर्किड और लिली बड़े पैमाने पर उगाए जाते हैं। पारंपरिक धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के अलावा, इन फूलों का उपयोग इत्र निर्माण, सौंदर्य प्रसाधन, औषधीय उत्पादों और प्राकृतिक रंग प्राप्त करने के लिए भी किया जाता है। बेहतर गुणवत्ता और वर्षभर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए ग्रीनहाउस जैसी संरक्षित कृषि प्रणालियों को भी तेजी से अपनाया जा रहा है। इसके अलावा, वैज्ञानिक अनुसंधान और मिशनों के माध्यम से हिमाचल प्रदेश के पालमपुर में ट्यूलिप और ओडिशा के संबलपुर में यूस्टोमा जैसे विदेशी फूलों की सफल खेती भी की जा रही है, जो किसानों के लिए आय के नए अवसर खोल रही है।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भारतीय फूलों का निर्यात
मजबूत उत्पादन आधार और विविध पुष्प निर्यात पोर्टफोलियो के कारण वैश्विक बाजारों में भारत की उपस्थिति लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2021-22 में 216.74 मिलियन अमेरिकी डॉलर से बढ़कर फूलों और बीजों का कुल निर्यात वित्त वर्ष 2025-26 में 258.26 मिलियन अमेरिकी डॉलर हो गया। अमेरिका और नीदरलैंड्स भारतीय फूलों के प्रमुख निर्यात गंतव्य हैं। इसके अलावा बांग्लादेश, संयुक्त अरब अमीरात और इटली को भी निर्यात किया जाता है। फरवरी 2025 में मिजोरम से सिंगापुर के लिए एंथुरियम फूलों की पहली खेप का निर्यात पूर्वोत्तर क्षेत्र से पुष्पकृषि उत्पादों के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि रही है। सरकार और विभिन्न अनुसंधान परिषदों के नीतिगत सहयोग, वित्तीय सहायता तथा प्रशिक्षण कार्यक्रमों से इस क्षेत्र को और अधिक बढ़ावा मिल रहा है।
Source: Press Information Bureau (PIB), Government of India
Photo: PIB










