Shopping cart

No Widget Added

Please add some widget in Offcanvs Sidebar

TnewsTnews
  • Home
  • India
  • 57वें इफ्फी में फिल्म ‘धुरंधर’ के कलाकारों ने साझा किए अपने अनुभव
India

57वें इफ्फी में फिल्म ‘धुरंधर’ के कलाकारों ने साझा किए अपने अनुभव

फिल्म महोत्सव में प्रेस कॉन्फ्रेंस का एक दृश्य

पणजी | 57वें अंतरराष्ट्रीय भारतीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) के दौरान आदित्य धर की हिंदी फीचर फिल्म ‘धुरंधर’ को इंडियन पैनोरमा खंड की मेनस्ट्रीम सिनेमा फीचर फिल्म श्रेणी की उद्घाटन फिल्म के रूप में प्रदर्शित किया गया। महोत्सव के दूसरे दिन गोवा के पणजी स्थित मीडिया सेंटर में फिल्म को लेकर एक दिलचस्प प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें फिल्म से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस इंटरैक्टिव सत्र में अनुभवी अभिनेता राकेश बेदी और प्रसिद्ध प्रोडक्शन डिजाइनर सैनी एस. जोहरी ने हिस्सा लिया। उन्होंने फिल्म की रचनात्मक यात्रा, किरदारों को बारीकी से गढ़ने और फिल्म की विज़ुअल दुनिया को आकार देने से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। सत्र का संचालन सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अपर महानिदेशक श्री महेश कुमार ने किया।

राकेश बेदी ने साझा किए अभिनय के अनुभव

‘धुरंधर’ में जमी़ल जमाली का किरदार निभाने के अनुभव साझा करते हुए राकेश बेदी ने समकालीन सिनेमा में किरदारों को गहराई और विभिन्न पहलुओं के साथ गढ़ने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने थिएटर के अपने लंबे अनुभव को अभिनय की कला का मजबूत आधार बताते हुए कहा कि इस किरदार को तैयार करने के लिए उन्होंने बारीकी से शोध किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी किरदार की गतिविधियां और व्यवहार दृश्य की जरूरत के अनुरूप होने चाहिए। अपने पांच दशक लंबे करियर का जिक्र करते हुए उन्होंने डिजिटल कनेक्टिविटी और सोशल मीडिया के दौर में सिनेमा की पहुंच में आए बदलावों के बारे में भी बात की। एक फिल्म प्रेमी के सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने बताया कि हास्य और गंभीर दृश्यों में अभिनय की टाइमिंग कोई संयोग नहीं होती, बल्कि इसकी पूरी योजना बनाई जाती है। साथ ही, उन्होंने अभिनय सुधारने के लिए आईने के सामने अभ्यास करने से बचने की सलाह भी दी।

सैनी एस. जोहरी ने बताए प्रोडक्शन डिजाइन के राज

प्रोडक्शन डिजाइनर सैनी एस. जोहरी ने फिल्म में स्थानीय परिवेश को वास्तविक रूप देने के लिए किए गए प्रयासों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने साझा किया कि फिल्म के लिए टीम ने 40 से अधिक वास्तविक सेट तैयार किए। पाकिस्तान में वास्तविक लोकेशनों तक पहुंच न होने के कारण जोहरी ने गहन शोध का सहारा लिया। इसके लिए उन्होंने न्यूज़ आर्काइव, स्थानीय गैंगवार से जुड़ी रिपोर्टों, शहरी परिवेश और गूगल मैप्स का बारीकी से अध्ययन किया, ताकि फिल्म के माहौल को शुरुआत से ही वास्तविकता के करीब तैयार किया जा सके। यह प्रेस कॉन्फ्रेंस इस बात का प्रतीक रही कि 57वां इफ्फी सिनेमा पर सार्थक संवाद का एक जीवंत मंच है, जहां फिल्मकार, कलाकार और दर्शक एक साथ आकर रचनात्मक प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं को समझते हैं।

Source: Press Information Bureau (PIB), Government of India

Photo: PIB

Related Posts