नई दिल्ली | भारत सरकार के खान मंत्रालय के सचिव श्री केशव चंद्र ने कहा है कि देश का क्रिटिकल मिनरल अभियान घरेलू और विदेशी दोनों स्रोतों से खनिजों की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने में जुटा हुआ है। खान मंत्रालय और फिक्की द्वारा उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित सीमित प्रतिभागियों की एक बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही। इस दौरान मंत्रालय के सुधार एजेंडे पर भी प्रकाश डाला गया, जिसका उद्देश्य भूवैज्ञानिक अन्वेषण, जिम्मेदार खनन, उन्नत प्रसंस्करण, अनुसंधान, रीसाइक्लिंग और तकनीक-आधारित प्रशासन के माध्यम से इस क्षेत्र की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ाना है। बैठक में नीलामी संबंधी सुधारों की भी जानकारी दी गई, जिसमें कुछ खनिजों के लिए न्यूनतम बोलीदाताओं की अनिवार्य संख्या में छूट देना और आशय पत्र स्वतः जारी करने की व्यवस्था शामिल है।
विदेशों में निवेश और नया अवधारणा पत्र
बैठक के दौरान ‘एनैबलिंग ओवरसीज इन्वेस्टमेंट इन क्रिटिकल मिनरल्स’ शीर्षक से एक महत्वपूर्ण अवधारणा पत्र भी जारी किया गया। श्री केशव चंद्र ने कहा कि खनिजों की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए घरेलू और विदेशी दोनों स्तरों पर अवसरों की तलाश की जा रही है। उन्होंने समझौता ज्ञापनों से आगे बढ़कर परियोजनाओं को धरातल पर उतारने की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवधारणा पत्र में रणनीतिक विदेशी निवेश को दिशा देने के लिए देशों और प्राथमिकता वाले खनिजों से संबंधित एक मैट्रिक्स प्रस्तुत किया गया है। इसे खान मंत्रालय के संयुक्त सचिव एवं नेशनल क्रिटिकल मिनरल मिशन के प्रमुख श्री कदम संदीप वसंत के मार्गदर्शन में फिक्की के अधिकारियों द्वारा तैयार किया गया है।
उद्योग जगत की चिंताएं और सुधार के उपाय
उद्योग जगत की ओर से उठाई गई विभिन्न चिंताओं का जवाब देते हुए श्री चंद्र ने मंत्रालय द्वारा अब तक उठाए गए कदमों की जानकारी दी। उन्होंने उद्योग जगत से रेडमड जैसे संसाधनों से महत्वपूर्ण खनिजों के निष्कर्षण की संभावनाओं पर सक्रियता से विचार करने का आग्रह किया। फिक्की की खनन समिति के सह-अध्यक्ष और जेएसडब्ल्यू के कार्यकारी उपाध्यक्ष डॉ. पंकज सतिजा ने भी बैठक में हिस्सा लिया और मंत्रालय द्वारा किए गए सुधारों की सराहना की। उन्होंने वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं के समक्ष आ रही चुनौतियों के बीच भारत की औद्योगिक और आर्थिक सुरक्षा के लिए मजबूत खनिज आपूर्ति श्रृंखलाओं के महत्व को रेखांकित किया।
Source: Press Information Bureau (PIB), Government of India
Photo: PIB







