नई दिल्ली | भारत के बागवानी क्षेत्र में मशरूम की खेती का महत्व लगातार बढ़ रहा है और स्वास्थ्यवर्धक आहार के प्रति बढ़ती रुचि के कारण इसमें व्यापक विकास की गुंजाइश मौजूद है। मशरूम अपने पोषण संबंधी गुणों के लिए महत्वपूर्ण माने जाते हैं क्योंकि इनमें सामान्यतः कैलोरी, वसा और कार्बोहाइड्रेट की मात्रा कम होती है, जबकि ये प्रोटीन, डायटरी फाइबर, विटामिन और खनिजों के अच्छे स्रोत होते हैं। इनकी खेती कम भूमि में तथा ग्रामीण, शहरी और अर्द्ध-शहरी क्षेत्रों में भी आसानी से की जा सकती है। भारत में, जहाँ अनेक किसान सीमित पूँजी के साथ छोटी और सीमांत जोतों पर खेती करते हैं, वहाँ मशरूम की खेती एक व्यवहार्य विकल्प प्रदान करती है, क्योंकि इसमें कृषि अपशिष्ट का उपयोग उगाने के माध्यम के रूप में किया जाता है तथा इसमें पारंपरिक कृषि गतिविधियों की तुलना में कम भूमि, पानी और वित्तीय निवेश की आवश्यकता होती है।
ग्रामीण महिलाओं और युवाओं की बदली तकदीर
छोटा-सा स्थान, मशरूम की खेती के कुछ बैग और एक नया कौशल आजीविका के नए अवसरों के द्वार खोल सकता है। पूरे भारत में यह खेती किसानों, महिलाओं और ग्रामीण युवाओं के लिए एक व्यवहार्य विकल्प के रूप में उभर रही है। आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले के इप्पटम गाँव की रुथु ने 20 वर्ष की आयु में कचरा बीनने का काम छोड़ने के बाद कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) गुंटूर से मशरूम उत्पादन का अल्पकालिक प्रशिक्षण प्राप्त किया और मिल्की मशरूम की खेती शुरू करके लगभग 35,000 रुपये की मासिक आय अर्जित की। बिहार के नालंदा जिले के अनंतपुर गाँव की अनीता देवी ने ऑयस्टर और मिल्की व्हाइट मशरूम की खेती से शुरुआत की, जिससे प्रेरित होकर वर्ष 2012 में राज्य के कृषि विभाग ने अनंतपुर को ‘मशरूम ग्राम’ घोषित किया। वर्ष 2023 तक जीविका स्वयं सहायता समूहों की 250 से अधिक महिलाएँ नालंदा में इस गतिविधि से जुड़ चुकी थीं।
पेशेवर और किसानों द्वारा नए व्यावसायिक आयाम
मशरूम की खेती पारंपरिक कृषि से आगे बढ़कर आजीविका के नए अवसर सृजित कर रही है, जिसमें पेशेवर भी शामिल हैं। गुजरात के तापी की सिविल इंजीनियर अंजनाबेन गामित ने कृषि विज्ञान केंद्र, तापी से प्रशिक्षण लेकर वर्ष 2017 में ऑयस्टर मशरूम की खेती शुरू की और वर्ष 2019 में उत्पादन बढ़ाकर 2.20 लाख रुपये का शुद्ध लाभ प्राप्त किया। उत्तराखंड के देहरादून की आईटी पेशेवर हिरेशा वर्मा ने वर्ष 2013 में मात्र 25 बैगों के साथ शुरुआत कर ‘हाँ एग्रोकेयर’ उद्यम स्थापित किया, जिसकी उत्पादन क्षमता आज लगभग एक टन प्रतिदिन है और उन्होंने पहाड़ी क्षेत्रों में 2,000 से अधिक महिलाओं और किसानों को प्रशिक्षित किया है। इसके अलावा, बागेश्वर के मदन मोहन को आईसीएआर-डीएमआर अल्मोड़ा और स्थानीय कृषि विज्ञान केंद्र के सहयोग से पोर्टेबल पॉलीहाउस में मशरूम और संयुक्त सब्जियों की खेती से अपनी आय दोगुनी करने में सफलता मिली।
Source: Press Information Bureau (PIB), Government of India
Photo: PIB







